नैतिक क्रांति के सूत्रधार थे आचार्यश्री तुलसी

संस्थाएं

नैतिक क्रांति के सूत्रधार थे आचार्यश्री तुलसी

आचार्यश्री तुलसी के 109वें जन्मोत्सव के आयोजन

कांकरोली
साध्वी मंजुयशा जी के सान्निध्य में तेरापंथ सभा, कांकरोली द्वारा तेरापंथ के नौवें पट्टधर आचार्यश्री तुलसी का 109वाँ जन्म दिवस ‘अणुव्रत दिवस’ के रूप में मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजसमंद विधायक दीप्ति महेश्वरी उपस्थित थी। मुख्य वक्ता विकास परिषद के सदस्य पदमचंद पटावरी उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रारंभ साध्वीश्री ने नमस्कार महामंत्र के मंगल उच्चारण से किया। शोभा बोथरा ने मंगल गीत से मंगलाचरण किया। तेरापंथ सभा के अध्यक्ष प्रकाशचंद सोनी ने पधारे हुए सभी अतिथियों का तेरापंथ सभा की ओर से स्वागत किया।
साध्वी मंजुयशा जी ने आचार्यश्री तुलसी के प्रति श्रद्धा व आस्था भरे भाव सुमन समर्पित करते हुए कहा कि तेरापंथ धर्मसंघ में आचार्यों की यशस्वी परंपरा में आचार्यश्री तुलसी का नाम बड़े गौरव के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने कर्तृत्व शौर्य से जन-जन को मानवता का पावन संदेश दिया। अध्यात्म की ऊँचाइयों को स्पर्श करते हुए संघ में अनेक विकास के स्रोत खोले। अणुव्रत अभियान के द्वारा नैतिक क्रांति की। तनावमुक्ति के लिए प्रेक्षाध्यान का उपक्रम दिया। नया मोड़ अभियान द्वारा समाज में फैली हुई रूढ़ियों को दूर करने का प्रयास किया, नारी जाति का उत्थान किया। इस अवसर पर साध्वीश्री जी ने सामूहिक सुमधुर गीत प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर साध्वी चारुप्रभा जी, साध्वी इंद्रप्रभा जी ने अपने विचारों की अभिव्यक्ति दी। राजसमंद विधायक दीप्ति महेश्वरी ने एवं विकास परिषद के सदस्य पदमचंद पटावरी ने अपने विचार व्यक्त किए। कन्या मंडल द्वारा एक्शन सॉन्ग की प्रस्तुति दी। महिला मंडल की बहनों ने तुलसी जीवन झाँकी अनेक अवदानों द्वारा रोचक प्रस्तुति दी। आचार्यश्री तुलसी के 109वें जन्म दिवस पर 109 व्यक्तियों ने यानी युवक मंडल, किशोर मंडल, महिला मंडल, कन्या मंडल एवं ज्ञानशाला के बच्चों आदि सभी ने मिलकर एक गीत की सुमधुर एवं आकर्षक प्रस्तुति दी। विनोद बडाला ने भी अपनी भावना गीत द्वारा प्रस्तुत की। तेरापंथ सभा की ओर से सभी अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन चिन्मयप्रभा जी ने किया। इस कार्यक्रम में भाई-बहनों की उपस्थिति सराहनीय रही।