तप अभिनंदन समारोह का आयोजन

संस्थाएं

तप अभिनंदन समारोह का आयोजन

गंगाशहर।
मुनि शांति कुमार जी के सान्निध्य में पुष्पा देवी सुराणा का तप अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ। स्व0 जेठमल सुराणा की धर्मपत्नी पुष्पा देवी ने 61 दिन की तपस्या का प्रत्याख्यान कर गंगाशहर के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ जोड़ दिया। हाल ही के वर्षों में पुष्पा देवी ने ही इतनी लंबी तपस्या गंगाशहर में स्वीकार की है। 61 दिन तक जल के सिवाय निराहार रहकर इन्होंने दुगुना मासखमण तक कर लिया। मुनि शांतिकुमार जी ने कहा कि तपस्या करना बड़ी बात होती है। उससे भी बड़ी बात तपस्या के पश्चात भी संयम रखना है। तपस्वी बहन ने इतनी बड़ी तपस्या कर कीर्तिमान रचा है। तपस्या से आध्यात्मिक विकास होता रहे, मंगलकामना।
मुनि जितेंद्र कुमार जी ने कहा कि तपस्या के साथ इहलोक एवं परलोक में भी किसी प्रकार की कामना जुड़ी हुई नहीं होनी चाहिए। तपस्विनी पुष्पा देवी ने 61 दिन का तप कर गंगाशहर में तप का पुष्प खिलाया है। इस चातुर्मास में अनेकों तपस्याएँ हुई हैं, किंतु इतना बड़ा तप अपने आपमें विशेष है। संतों ने सामूहिक गीत का संगान किया। अनुमोदना के क्रम में तेरापंथी सभा अध्यक्ष अमरचंद सोनी, तेममं मंत्री ममता रांका, तेयुप संगठन मंत्री रोहित बैद, पवन छाजेड़, मोना सुराणा ने अपने विचार व्यक्त किए। पारिवारिक सदस्यों ने गीत की प्रस्तुति दी। पूर्व महापौर नारायण चोपड़ा ने संदेश का वाचन किया।
सम्मान के क्रम में अमरचंद सोनी, नवरतन बोथरा, जतन संचेती, जीवराज सामसुखा, मनोहर नाहटा, संपत बाफना, महावीर फलोदिया, ममता रांका, संजू लालाणी, मधु छाजेड़, रेणु बाफना आदि पदाधिकारियों ने तपस्वी का साहित्य, अनुमोदना पत्र द्वारा सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री रतनलाल छल्लाणी ने किया।