अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विविध आयोजन

संस्थाएं

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विविध आयोजन

हिसार
प्रेक्षा फाउंडेशन के निर्देशानुसार प्रेक्षावाहिनी हिसार ने तेरापंथ भवन, मॉडल टाउन में शासनश्री साध्वी यशोधरा जी के सान्निध्य में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। सर्वप्रथम हिसार योगशाला टीम के सदस्योंµभूपेंद्र कुमार व उनकी टीम के सदस्यों ने सभी को योगा करवाया। टीम ने विभिन्न आसन व प्राणायाम की जानकारी दी तथा योगाभ्यास करवाया। योगाभ्यास के बाद साध्वी तरुणयशाजी ने त्रिपदी वंदना करवाई। इस अवसर पर प्रेक्षावाहिनी संवाहिका सुमन जैन ने कहा कि योग हमारे जीवन का अहम् हिस्सा है। उन्होंने कार्यक्रम में पहुँचने पर सभी का स्वागत किया। सभी बहनों ने प्रेक्षागीत का सामुहिक संगान किया।
शासनश्री साध्वी यशोधरा जी ने प्रेक्षाध्यान का महत्त्व बताते हुए कहा कि प्रेक्षाध्यान का प्रयोग हमें निरंतर करते रहना चाहिए। प्रेक्षाध्यान हमारे मन को एकाग्र करता है। साध्वीश्री जी ने मंगलभावना करवाई व उसके महत्त्व को बताया। प्रेक्षावाहिनी हिसार ने हिसार योगशाला की टीम के सदस्यों को आचार्यश्री महाप्रज्ञ जी के साहित्य भेंट किए। प्रेक्षावाहिनी सह-संवाहिका सुधा गुप्ता ने सभी को ध्यान व योग के महत्त्व के बारे में बताया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुँचने वाले सभी साधकों का आभार ज्ञापित किया व सभी के लिए मंगलकामना की। कार्यक्रम में तेरापंथी सभा अध्यक्ष संजय जैन, अणुव्रत समिति अध्यक्ष कुंदनलाल जैन, तेयुप अध्यक्ष गौरव जैन, टीपीएफ अध्यक्ष प्रीति जैन सहित सभी संस्थाओं ने उत्साह से भाग लिया तथा लोगों की उपस्थिति सराहनीय रही।