मानवता के मसीहा थे आचार्यश्री तुलसी

संस्थाएं

मानवता के मसीहा थे आचार्यश्री तुलसी

पिंपरी चिंचवड़।
आचार्यश्री तुलसी के 26वें महाप्रयाण दिवस पर साध्वी काव्यलता जी ने कहा कि आचार्यश्री तुलसी विराट व्यक्तित्व के धनी थे। आपने मानवता के कल्याण के लिए लाखों किलोमीटर की पदयात्रा कर मानव को मानवता का पाठ पढ़ाया। अणुव्रत का सिंहनाद कर देश को स्वस्थता का अवदान दिया। अपने शिष्य समुदाय को ज्ञान का अमृत पिलाया। पुरुषार्थ के द्वारा विश्व को नया आलोक दिया। कार्यक्रम नवकार महामंत्र के उच्चारण के साथ शुरू किया गया। साध्वी सुरभियशा जी ने गीत का संगान किया। कार्यक्रम की शुरुआत में महिला मंडल की तरफ से मंगलाचरण किया गया। इसके पश्चात सभा के अध्यक्ष प्रकाश गादिया ने सभी का स्वागत किया। सभा के निवर्तमान अध्यक्ष करण सिंघी ने गुरुदेवश्री तुलसी के जीवन का परिचय दिया। सभा के उपाध्यक्ष तिलोक बच्छावत ने विसर्जन पर जोर दिया। पूना सभा से हरीश श्रीमाल ने अपने विचार व्यक्त किए। महिला मंडल ने मधुर गीत के माध्यम से अपनी भावांजलि व्यक्त की। मंत्री विमल सिंघी ने आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी ज्योतियशा जी ने किया।