दायित्व बोध कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

संस्थाएं

दायित्व बोध कार्यशाला एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन

कोटा
साध्वी अणिमाश्री जी के सान्निध्य में गुमानपुरा स्थित अणुव्रत भवन में दायित्व बोध कार्यशाला एवं तेरापंथी सभा का शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिगंबर जैन समाज, ओसवाल जैन समाज, पोरवाल जैन समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर साध्वी अणिमाश्री जी ने कहा कि आज हर व्यक्ति के भीतर दायित्व बोध की चेतना का जागरण अपेक्षित है, सदियों से दायित्व व हक दो जैसे शब्द चले आ रहे हैं। साध्वीश्री जी ने नवमनोनीत टीम के कार्यकाल की सफलता के लिए शुभकामना करते हुए कहा कि नवमनोनीत अध्यक्ष संजय बोथरा अपनी पूरी टीम के साथ अपने कार्यकाल को यशस्वी, वर्चस्वी बनाएँ। पदेन व्यक्तियों के आँख में स्नेह का सावन बरसे जीभ में मधुरता रहे और कड़वी बात का भी मीठा जवाब दे। यह कार्यकाल की सफलता के महत्त्वपूर्ण सूत्र हैं। साध्वी डॉ0 सुधाप्रभाजी ने संघीय दायित्व का बोध कराते हुए कहा कि जिस संघ ने पहचान दी है, जिस संघ के कारण हमारा अस्तित्व है, जो हमारे लिए गति प्राण, त्राण, शरण है, उसके विकास को शिखरों तक पहुँचाना हमारा दायित्व होना चाहिए। साध्वी मैत्रीप्रभाजी ने कहा कि दायित्व व्यक्ति पीसफुल हो, पॉजिटिव थिंकिंग हो, परपजफुल हो, प्राग्रेसिव विचारों वाला हो। साध्वी कर्णिकाश्री जी, साध्वी सुधाप्रभाजी, साध्वी समत्वयशाजी व साध्वी मैत्रीप्रभाजी ने गीत का संगान किया। नवमनोनीत सभा अध्यक्ष संजय बोथरा ने कहा कि पूज्यप्रवर ने महती कृपा करके हमें साध्वी अणिमाश्री जी का चातुर्मास प्रदान किया है, हम साध्वीश्री जी के निर्देशानुसार संघीय कार्यों को करते हुए संघ के गौरव को बढ़ाएँगे। कार्यक्रम में राजस्थान खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष एवं वर्धमान स्थानकवासी जैन श्री संघ के अध्यक्ष पंकज मेहता, दादाबाड़ी के अध्यक्ष नरेंद्र ओसवाल, ओसवाल समाज के मंत्री महेंद्र कांकरिया, समता भवन के अध्यक्ष हनुमानमल दुगड़, पोरवाल समाज के सुरेशचंद्र जैन, ताराचंद जैन, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष अशोक दुगड़, महिला मंडल मंत्री सुनीता जैन, तेयुप अध्यक्ष आनंद दुगड़, टीपीएफ अध्यक्ष अखिलेश कांठेड़ ने नव मनोनीत टीम को शुभकामनाएँ दी। महिला मंडल ने मंगल संगान के द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन सभा के मंत्री धर्मचंद जैन ने किया। अध्यक्ष संजय बोथरा, उपाध्यक्ष रवि बुच्चा, गजराज बोथरा, मंत्री धर्मचंद जैन, कोषाध्यक्ष मनोज बोथरा, मंत्री दिलीप बाफना, संगठन मंत्री मनोज जैन एवं कार्यकारिणी सदस्यों को वरिष्ठ श्रावक किशनलाल सेठिया ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। पुखराजमल बाफना एवं किशनलाल सेठिया सभा के संरक्षक के रूप में रहे। जैन समाज के आगंतुक महानुभावों का सभी की ओर से सम्मान किया गया।