साध्वीप्रमुखा अभिवंदना समारोह का आयोजन

संस्थाएं

साध्वीप्रमुखा अभिवंदना समारोह का आयोजन

गांधीनगर
तेरापंथ सभा भवन में शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी के सान्निध्य में तेरापंथ सभा, बैंगलोर के तत्त्वावधान में नव मनोनीत साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी का अभिवंदना समारोह आयोजित किया गया। साध्वीवृंद द्वारा नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के पश्चात तेरापंथ महिला मंडल द्वारा अष्टकम् संगान से मंगलाचरण किया गया। साध्वी कंचनप्रभाजी ने कहा कि युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमण जी ने अपने 49वें दीक्षा दिवस के मंगलमय क्षणों में साध्वी विश्रुतविभाजी को साध्वीप्रमुखा पद पर मनोनीत किया, जिसे सुनकर पूरे धर्मसंघ में उल्लास छा गया यह तेरापंथ धर्मसंघ का गौरव है जहाँ किसी का कोई तर्क नहीं। साध्वी विश्रुतविभाजी नवम साध्वीप्रमुखा हैं। शासनश्री साध्वी मंजुरेखाजी ने कहा कि संयम, वैराग्य और अनुशासन की प्रतीक साध्वीप्रमुखाश्री विश्रुतविभाजी हमारे धर्मसंघ की बहुत बड़ी उपलब्धि है। पूरा धर्मसंघ महाश्रमण जी के इस मोहनीय निर्णय पर कृतज्ञ है। शासनमाता की कृपा से ही तराशा हुआ हीरा संघ को प्राप्त हुआ है।
साध्वी उदितप्रभाजी, साध्वी निर्भयप्रभाजी व साध्वी चेलनाश्री जी ने आपके महनीय जीवन प्रसंगों पर भावनाएँ व्यक्त की तथा साध्वीवृंद की अभिवंदना में सामुहिक गीत का संगान किया। तेरापंथ सभा, बैंगलोर के अध्यक्ष सुरेश दक, महासभा से प्रकाश लोढ़ा, तेयुप अध्यक्ष विनय बैद, अणुविभा से ललित बाबेल, तेममं से निर्मला, तेरापंथ सरस ट्रस्ट उपाध्यक्ष सभी वक्ताओं ने साध्वीप्रमुखाश्री जी की अभिवंदना की। आभार ज्ञापन सज्जनराज पितलिया ने किया। संचालन तेममं मंत्री सरस्वती बाफना ने किया।