तेरापंथ को विश्वविख्यात बनाने वाले आचार्यश्री तुलसी

तेरापंथ को विश्वविख्यात बनाने वाले आचार्यश्री तुलसी

आचार्यश्री तुलसी के 26वें महाप्रयाण दिवस पर

मुनि कमल कुमार
भारत देश वीर और वीरांगनाओं की जन्मभूमि है। इस धरती पर अनेक वीरों ने जन्म लेकर देश का गौरव बढ़ाया है। उसी क्रम में जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ के नवमाधिशास्ता आचार्यश्री तुलसी का नाम भी बहुत सम्मान के साथ लिया जा सकता है। आचार्य तुलसी का जन्म विक्रम संवत् 1971 को राजस्थान के मारवाड़ संभाग में नागौर जिले के प्रसिद्ध शहर लाडनूं में पिता झूमरमल खटेड़ के घर माता वदनाजी की कुक्षि से कार्तिक शुक्ला द्वितीया को हुआ। आप अपने परिवार में सबसे छोटे थे। बचपन में ही आपके पिताजी का स्वर्गवास हो गया था। घर की सारी जिम्मेदारी श्री मोहनलाल जी खटेड़ कुशलतापूर्वक वहन करते थे।
आपकी आदरणीय माता वदनाजी एक धर्मनिष्ठ श्राविका थी। बचपन में ही माता जी से आपको धार्मिक संस्कार प्राप्त हुए। आपके बड़े भाई चंपालाल जी आपसे एक वर्ष पूर्व ही पूज्य कालुगणी के करकमलों से चुरू में दीक्षित हुए। आपका साधु-साध्वियों से निरंतर संपर्क था। प्रतिदिन साधु-साध्वियों के दर्शन के बाद ही आप प्रातराश किया करते थे। पूज्य कालुगणी का लाडनूं में पावन पदार्पण आपके सौभाग्य का सूचक बना। पूज्य कालुगणी का मनमोहक व्यक्तित्व आपके मन मानस में छा गया। मन में दीक्षा के भाव जागे और भाई-बहन (तुलसी और लाडां) की दीक्षा हो गई। दीक्षा के पश्चात आपने अपना अमूल्य समय अध्ययन और साधना में लगा दिया। मात्र 16 वर्ष की अवस्था में आप एक कुशल अध्यापक बन गए। गुरुकुलवास में संतों को अध्ययन कराते आपकी अप्रमत्त चर्या सभी के लिए प्रेरणा बनती गई। आपके कंठ सुरीले थे, प्रवचन के समय जनता झूम उठती थी। आपकी अनेक विशेषताओं को देखकर अष्टमाचार्य कालुगणी ने मात्र 22 वर्ष की अवस्था में आपको अपना उत्तराधिकारी नियुक्त कर दिया।
आचार्यश्री तुलसी ने आचार्य बनने के बाद तेरापंथ समाज को नए-नए आयाम दिए, जिससे व्यक्ति-व्यक्ति का उद्धार हो। उन्होंने केवल जैन धर्म और तेरापंथ के लिए ही नहीं जन-जन के कल्याण का अभियान चलाया। उनके द्वारा चलाया गया अणुव्रत आंदोलन एवं प्रेक्षाध्यान जैन-अजैन सबके लिए ग्राह्य हुआ। भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ0 राजेंद्र प्रसाद एवं प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी इसकी हृदय से प्रशंसा की और उन्होंने इस आंदोलन को गति प्रदान की। समाज के लिए ‘नया मोड़ आंदोलन’ बहुत कारगर साबित हुआ। बाल विवाह, मृत्यु भोज, घुँघट प्रथा एवं महिलाओं की शिक्षा इसके मुख्य आयाम थे। आज समाज में जो महिलाओं का विकास नजर आ रहा है, उसमें गुरुदेव श्री तुलसी का दूरदर्शी चिंतन का सुश्रम बोल रहा है।
तेरापंथ समाज में ज्ञानशाला, किशोर मंडल, कन्या मंडल, युवक परिषद, महिला मंडल आदि के कारण हम नित्य नई प्रतिभाओं को देख रहे हैं। साहित्य निर्माण का कार्य संघ प्रभावक का मुख्य कारण है। आगम संपादन, अणुव्रत सहित्य, प्रेक्षाध्यान साहित्य, जीवन-विज्ञान, इतिहास तत्त्व, कथा गीत आदि-आदि अनेक विधाओं से लिखा गया साहित्य जनप्रिय बना। आचार्यश्री तुलसी ने पंजाब से कन्याकुमारी तक की पैदल यात्रा करके इंसान को इंसान बनाने का महनीय कार्य किया। उनके अवदानों को प्रस्तुत करना सूर्य को दीपक दिखाने के समान होगा। पूर्ण स्वस्थ अवस्था में आपने आचार्य पद का विसर्जन कर अपने सक्षम उत्तराधिकारी युवाचार्य महाप्रज्ञ को आचार्य महाप्रज्ञ बनाकर श्लाघनीय कार्य किया, जो आज के इस पद-लिप्सित युग के लिए बोधपाठ बन गया। आपको सरकार, धर्मसंघ, समाज और संस्थाओं द्वारा समय-समय पर सम्मानित किया गया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार, भारत ज्योति, युगप्रधान, वाक्पति, गणाधिपति, हकीम खाँ, सूर खाँ का आदि-आदि। मैं मेरे दीक्षा प्रदाता, भाग्यविधाता, भवजल त्राता परमपूज्य गुरुदेव के 26वें महाप्रयाण दिवस पर यही मंगलकामना अर्पित करता हूँ कि आपके द्वारा प्रदर्शित पथ पर निरंतर गतिमान रहते हुए स्व-पर कल्याणकारी बनूँ। महाप्रयाण की रजत जयंती पर परम आदरणीय पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री महाश्रमण जी का गंगाशहर शक्तिपीठ पर पावन पदार्पण केवल गंगाशहर निवासियों के लिए ही नहीं अपितु पूरे तेरापंथ समाज के लिए गौरव और आह्लाद का विषय है। आचार्यश्री महाश्रमण जी की सूझबूझ, विनम्रता, पवित्रता एवं कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए अनुकरणीय है।