साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी की स्मृति सभा का आयोजन

संस्थाएं

साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी की स्मृति सभा का आयोजन

जोधपुर
तेरापंथ सभा जोधपुर व सरदारपुरा के तत्वावधान में ओसवाल कम्युनिटी हॉल में शासनमाता असाधारण साध्वी प्रमुखाश्री कनकप्रभाजी की स्मृति सभा का आयोजन किया गया। आचार्यश्री महाश्रमणजी की सुशिष्या साध्वीश्री सत्यप्रभाजी, साध्वीश्री कमलप्रभाजी, साध्वीश्री सत्यवतीजी, साध्वीश्री कुंथूश्रीजी, साध्वीश्री प्रमोदश्रीजी, साध्वीश्री उर्मिलाकुमारीजी, साध्वीश्री जिनबाला जी, साध्वीश्री रतिप्रभाजी के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वीवृंद के द्वारा नवकार महामंत्र के मंगल मंत्रोच्चार से हुआ।
मंगलाचरण तेरापंथ महिला मंडल द्वारा किया गया। सभाध्यक्ष धनपतराज मेहता ने पधारे हुए सभी धर्मानुरागी भाई-बहनों का स्वागत किया। साध्वी सत्यप्रभाजी व साध्वी कमलप्रभाजी ने कहा कि स्मृति उनकी होती है जिनकी विस्मृति होती है। आपका व्यक्तित्व विलक्षण व अलौकिक था। साध्वी कुंथूश्रीजी व साध्वी सत्यवतीजी ने अपने वक्तव्य में ममतामयी कनकप्रभाजी को अमूल्य निधि, संयम, साधना, सहिष्णुता और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति बताया। साध्वी प्रमोदश्रीजी, साध्वी जिनबालाजी, साध्वी रतिप्रभाजी, साध्वी मृदुलयशाजी ने महाश्रमणी कनकप्रभाजी के प्रति श्रद्धाभाव रखते हुए अपने जीवन के प्रेरणादायी संस्मरण सुनाए। सभी साध्वीवृंद द्वारा सामूहिक गीतिका की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर महिला मण्डल मंत्री रीना जैन, उपाध्यक्ष मोनिका चोरड़िया, युवक परिषद अध्यक्ष मितेश जैन, मंत्री कैलाश तातेड, प्रोफेशनल फोरम अध्यक्ष पवन बोथरा, अणुव्रत समिति मंत्री शर्मिला भंसाली, महासभा उपाध्यक्ष विजयराज मेहता, हनवंतराज मेहता, सुरेन्द्रराज गेलडा, स्वीटी मेहता ने साध्वी प्रमुखाश्रीजी के प्रति अपनी भावांजलि व्यक्त की। ओसवाल जनहितकारिणी ट्रस्ट का आभार प्रकट किया गया। आभार ज्ञापन सभा मंत्री महावीर चौपड़ा व कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा मंत्री महेन्द्र सुराणा एवं महावीर चौपड़ा ने किया। साध्वीश्री के मंगलपाठ से कार्यक्रम सानंद संपन्न हुआ।