साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी की स्मृति सभा के आयोजन

संस्थाएं

साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी की स्मृति सभा के आयोजन

गांधीनगर, बैंगलोर
शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी के सान्निध्य में गांधीनगर तेरापंथ सभा भवन में संघ महानिदेशिका, असाधारण साध्वीप्रमुखा कनकप्रभाजी के महाप्रयाण पर स्मृति सभा का आयोजन हुआ।
शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी ने कहा कि साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी युगप्रधान गुरुदेव आचार्य तुलसी के करकमलों से दीक्षित 11 वर्ष में संयम पर्याय, 30 वर्ष में साध्वीप्रमुखा पद पर प्रतिष्ठित, लगभग 500 साध्वियों की शिक्षा, साधना, चित समाधि व सेवा व्यवस्था में कुशल संरक्षण दिया। आचार्यश्री तुलसी, आचार्यश्री महाप्रज्ञ एवं आचार्यश्री महाश्रमणजी के विलक्षण आशीर्वाद के साथ कृपा भाव यह महान बात है। साध्वी प्रमुखाश्रीजी का संयम अनुत्तर था, समता एवं सहिष्णुता विलक्षण थी, अनुशासन के साथ विनम्रता उत्कर्ष पर थी। आचार्यश्री महाश्रमणजी ने उनको विशेष सम्मान के साथ शासनमाता संबोधन प्रदान किया।’ वहां उपस्थित धर्म परिषद को आपने कहा कि हर महीने की शुक्ल पक्ष चतुर्दशी को 13 द्रव्य से अधिक उपयोग नहीं करना व प्रमुखाश्रीजी द्वारा सम्पादित आचार्य तुलसी के जीवन दर्शन साहित्य का स्वाध्याय करे।
शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने शासनमाता साध्वी प्रमुखाश्रीजी के चरणों में श्रद्धांजलि समर्पित करते हुए कहा- ‘उनका पूरा जीवन अपने आप में एक साधना की निष्पत्ति थी, जिन्होंने अपने व्यवहार व आचार कुशलता से संघ की नींवों में शक्ति का सर्जन किया। उनकी श्रमनिष्ठ तथा गुरु भक्ति, श्रद्धा सदा हर दिल में मुखरित रहेगी। उनके पास प्रत्यक्ष परोक्ष बहुत बड़ी ताकत थी।’
साध्वीश्री उदितप्रभाजी, निर्भयप्रभाजी तथा चेलनाश्रीजी ने श्रद्धा सुमन समर्पित करते हुए उनके जीवन की गौरव गाथा बतलाई। सभी साध्वीवृन्द ने धर्मसंघ के साथ खड़े होकर श्रद्धांजलि गीत के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
गांधीनगर सभा अध्यक्ष सुरेश दक, ट्रस्ट अध्यक्ष गौतम मुथा, विजयनगर सभा अध्यक्ष राजेश चावत, टी दासरहल्ली मंत्री कन्हैयालाल गांधी, राजराजेश्वरी नगर अध्यक्ष मनोज डागा, यशवंतपुरा सभा मंत्री महावीर ओस्तवाल, राजाजीनगर सभा अध्यक्ष शांतिलाल पितलिया, अभातेयुप महामंत्री पवन मांडोत, तेयुप गांधीनगर से अध्यक्ष विनय बैद, राजराजेश्वरी नगर से सुशील भंसाली, महिला मंडल अध्यक्षा गांधीनगर से स्वर्णमाला पोखरना, विजयनगर से प्रेम भंसाली सहित सभा-संस्थाओं के पदाधिकारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। बहादुर सेठिया, ललित सेठिया व सम्पूर्ण बैंगलोर की महिला मंडल ने सामूहिक गीत द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की। महावीर धोका ने महामहिम रामनाथ कोविंद व मनोज डागा ने अमित शाह द्वारा भेजे गए संदेश का वाचन किया। कार्यक्रम का संचालन सभा मंत्री नवनीत मुथा ने किया।