समणीवृंद का स्वागत समारोह

संस्थाएं

समणीवृंद का स्वागत समारोह

चेन्‍नई
साध्वी अणिमाश्री जी के सान्‍निध्य में माधावरम स्थित आचार्य महाश्रमण जैन पब्लिक स्कूल के प्रांगण में गुरु चरणों से आगत, श्रेणी आरोहण के लिए उद्यत समणी निर्देशिका शीलप्रज्ञा जी एवं समणी कांतिप्रज्ञा जी का प्रशासनिक नियमों के अनुरूप स्वागत समारोह आयोजित हुआ।
साध्वी अणिमाश्री जी ने कहा कि हम बडे़े सौभाग्यशाली हैं कि हमें मर्यादित, अनुशासित एवं एक आचार्य की आज्ञा में चलने वाला कल्पतरु तुल्य धर्मसंघ मिला है। यशस्वी, तेजस्वी, वर्चस्वी आचार्यश्री महाश्रमण जी की अनुशासना में तेरापंथ धर्मसंघ चहुँमुखी विकास कर रहा है। ऊर्जा के अक्षय स्रोत आचार्य महाश्रमण जी से ऊर्जा लेकर समणीजी यहाँ आए हैं। गुरुदेव की संदेशवाहिका के रूप में हम आपका स्वागत करते हैं। समणीजी ने हमारे प्रति प्रमोद भावना व्यक्‍त की। वो गुण हमारे भीतर और पुष्ट बनें।
साध्वी सुधाप्रभा जी ने कहा कि समणी शीलप्रज्ञा जी एवं समणी कांतिप्रज्ञा जी समण श्रेणी की विशिष्ट, वरिष्ठ समणियाँ हैं। इन्होंने समण श्रेणी में अनेकों प्रभावी यात्राएँ कर धर्मसंघ की प्रभावना की है।
समणी शीलप्रज्ञा ने कहा कि आज हम साध्वी अणिमाश्री जी से नई शक्‍ति लेने आए हैं। आपकी साधना-आराधना विशिष्ट है। लगता है अनेक सिद्धियाँ आपके भीतर समाहित हैं। समणी कांतिप्रज्ञा जी ने कहा कि साध्वीश्री जी के चरणों में आने का अलग ही आकर्षण है। आपका आभामंडल पावरफुल है।
नमस्कार महामंत्र से प्रारंभ इस कार्यक्रम में तेममं ने मंगलाचरण किया। साध्वी कर्णिकाश्री जी, साध्वी सुधाप्रभाजी, साध्वी समत्वयशा जी व साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने सुमधुर स्वरलहरी के साथ स्वागत गीत प्रस्तुत किया। तेरापंथी सभा अध्यक्ष विमल चिप्पड़, तेयुप अध्यक्ष रमेश डागा, टीपीएफ के अध्यक्ष सुरेश सकलेचा, तेममं अध्यक्ष शांति दुधोड़िया, स्कूल चेयरमैन प्यारेलाल पितलिया ने स्वागत के उद्गार व्यक्‍त किए। कार्यक्रम का संचालन साध्वी मैत्रीप्रभा जी ने किया।