अणुव्रत संगठन यात्रा

संस्थाएं

अणुव्रत संगठन यात्रा

राजलदेसर
अणुव्रत विश्‍व भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक डूंगरवाल, महामंत्री भीखमचंद सुराणा एवं राजस्थान प्रभारी प्रकाश भंसाली अणुव्रत संगठन यात्रा के दौरान राजलदेसर पधारे। स्थानीय तेरापंथ भवन में डॉ0 साध्वी परमयशा जी के सान्‍निध्य में एवं राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में स्थानीय अणुव्रत समिति कार्यकारिणी सदस्यों के साथ एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अणुव्रत विश्‍व भारती के राष्ट्रीय पदाधिकारियों, अणुव्रत समिति, राजलदेसर कार्यकारिणी सदस्यों, तेरापंथी सभा, तेममं एवं तेयुप के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम से पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की बैठक रखी गई, जिसमें अणुव्रत गीत का सामूहिक संगान किया गया। सभी का संक्षिप्त परिचय एवं अणुव्रत के राष्ट्रीय स्तर पर चल रही जीवन-विज्ञान, प्रेक्षाध्यान, अहिंसा प्रशिक्षण केंद्र आदि गतिविधियों की जानकारी दी। अणुव्रत विश्‍व भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक डूंगरवाल एवं राष्ट्रीय महामंत्री भीखमचंद सुराणा ने अपने विचार व्यक्‍त किए। द्वितीय चरण के कार्यक्रम का शुभारंभ साध्वीश्री जी के नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से हुआ। तत्पश्‍चात महिला मंडल द्वारा मंगलाचरण में अणुव्रत गीत का संगान किया गया। अणुव्रत समिति अध्यक्ष शंकरलाल सोनी ने अपने विचार रखते हुए अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर राजस्थान प्रभारी प्रकाश भंसाली ने उपस्थित कार्यसमिति के सदस्यों एवं श्रावक-श्राविकाओं के मध्य अपने विचार प्रकट किए। कार्यक्रम में अणुव्रत कार्यकारिणी की सदस्या डॉ0 उषा किरण सोनी ने स्वरचित कविता प्रस्तुत की। डॉ0 साध्वी परमयशा जी, साध्वी विनम्रयशा जी, साध्वी मुक्‍ताप्रभा जी एवं साध्वी कुमुदप्रभा जी ने संयुक्‍त रूप से स्वरचित गीत का सुमधुर संगान किया। धन्यवाद ज्ञापन समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र लाटा ने किया एवं कार्यक्रम का संचालन समिति के मंत्री भुनेश्‍वर शर्मा ने किया।