स्वस्थ जीवनशैली कार्यशाला

संस्थाएं

स्वस्थ जीवनशैली कार्यशाला

नोहर
स्थानीय तेरापंथ भवन, उपासरा में तेरापंथ महिला मंडल के तत्त्वावधान में स्वस्थ जीवनशैली कार्यशाला का आयोजन किया गया। शासनश्री मुनि विजय कुमार जी ने कहा स्वस्थ जीवन जीना मनुष्य की बहुत बड़ी उपलब्धि है। जीवन स्वस्थ है तो आदमी मस्त है, नहीं तो वह सोचता है, सब कुछ होते हुए भी मेरा सितारा अस्त है। स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी संपदा है। यह संपदा जिसे प्राप्त है, वह जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकता है। सफलता को हासिल कर सकता है। जीवनी शक्‍ति मजबूत बनाने के लिए खान-पान की शुद्धि के साथ ही स्वास्थ्य की सर्वांग संपन्‍नता पर ध्यान देना जरूरी है। कार्यक्रम का प्रारंभ तेरापंथ महिला मंडल की बहनों के मंगल गीत से हुआ। अध्यक्ष पद पर बोलते हुए डॉ0 चंद्र ने व्यक्‍ति की प्रशस्त दिनचर्या व समय के सदुपयोग के बारे में बताया। विशिष्ट अतिथि डॉ0 आदित्य ने खान-पान की शुद्धि व मात्रा पर विचार प्रकट किए। सुशील सिपानी ने आगंतुकों का परिचय दिया व मुनिश्री का आभार प्रकट किया। आयोजक महिला मंडल ने दोनों डॉक्टरों को साहित्य भेंट करके सम्मानित किया। महिला मंडल प्रधान किरण देवी ने अच्छी प्रस्तुति के लिए ज्ञानशाला के बच्चों को प्रोत्साहित किया। संयोजन कन्या मंडल की संयोजिका नीरू छाजेड़ ने किया।